गॉल, 19 अगस्त 2026: भारत ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले गए दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान टीम को 165 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। भारत की जीत के हीरो बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार रहे, जिन्होंने दूसरी पारी में 6 विकेट लेने के साथ मैच में कुल 10 विकेट अपने नाम किए।
भारत ने श्रीलंका के सामने जीत के लिए 372 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में श्रीलंकाई टीम पांचवें दिन 77.4 ओवर में 206 रन पर ऑलआउट हो गई। कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने 151 गेंदों पर 59 रन बनाकर संघर्ष किया, जबकि सोनल दिनुषा ने पहली पारी के शतक के बाद दूसरी पारी में भी 84 रन की शानदार पारी खेली। हालांकि, दोनों की कोशिश श्रीलंका को जीत तक नहीं पहुंचा सकी।
मानव सुथार का ’10 विकेट वाला’ धमाका
भारत की जीत में मानव सुथार ने सबसे बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने श्रीलंका की पहली पारी में 4 विकेट लेने के बाद दूसरी पारी में 6 विकेट लेकर कुल 10 विकेट पूरे किए। दूसरी पारी में उनके आंकड़े 6/55 रहे। यह सुथार का टेस्ट क्रिकेट में पहला 10 विकेट का मैच हॉल है।
सुथार के शानदार प्रदर्शन ने उन्हें श्रीलंका में किसी टेस्ट मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले भारतीय गेंदबाजों की सूची में भी खास स्थान दिलाया है। उन्होंने 10/131 के मैच आंकड़ों के साथ हरभजन सिंह और रविचंद्रन अश्विन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
पंत ने भी रचा इतिहास
भारत की दूसरी पारी में ऋषभ पंत ने 69 गेंदों पर 66 रन की तेजतर्रार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और दो छक्के लगाए। इसी दौरान पंत ने टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के पूरे करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बनने का रिकॉर्ड बनाया।
देवदत्त पडिक्कल ने दूसरी पारी में 44 रन बनाए, जबकि केएल राहुल ने 35 रन का योगदान दिया। भारत की पूरी टीम दूसरी पारी में 193 रन पर सिमट गई, लेकिन पहली पारी में बनाए गए बड़े स्कोर की वजह से उसने श्रीलंका के सामने 372 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।
पहली पारी में पडिक्कल का शतक
इससे पहले भारत ने पहली पारी में 462 रन बनाए थे। देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 167 रन की पारी खेली। केएल राहुल ने 82 और ध्रुव जुरेल ने 51 रन बनाए। श्रीलंका की टीम पहली पारी में 284 रन पर सिमट गई थी।
भारत की इस जीत के साथ उसका विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 अभियान भी पटरी पर लौटता दिख रहा है। यह मुकाबला भारत का 600वां टेस्ट मैच भी था, जिसे टीम ने जीत के साथ यादगार बना दिया।
दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाना है। भारत अब सीरीज अपने नाम करने के इरादे से मैदान में उतरेगा।
